महामाया पहाड़ के जंगल में महिला का कंकाल मिला
अंबिकापुर। महामाया पहाड़ के जंगल में शनिवार को एक अज्ञात महिला का पुराना कंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कंकाल का ऊपरी हिस्सा पेड़ पर साड़ी के सहारे लटका हुआ मिला, जबकि धड़ नीचे जमीन पर पड़ा था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शव काफी समय तक फंदे पर लटका रहा, जिसके बाद सड़ने और लगातार हुई बारिश के कारण उसका हिस्सा नीचे गिर गया।
जानकारी के अनुसार, ओरियंटल पब्लिक स्कूल के समीप महामाया पहाड़ के जंगल में ड्यूटी पर तैनात एक वनकर्मी की नजर कंकाल पर पड़ी। उसने तत्काल इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
फॉरेंसिक टीम के अनुसार शव एक माह पुराना हो सकता है। कंकाल के पास मिले कपड़ों के आधार पर मृतक के महिला होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा पिछले एक से डेढ़ महीने के दौरान दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव अत्यधिक सड़-गल जाने के कारण मौत के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति साफ होगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

