The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Uncategorized

उड़ान मशीनरी के संचालक के खिलाफ 2.95 लाख की ठगी का मामला दर्ज

Spread the love

रायपुर। दोना-पत्तल बनाने की मशीन लगाकर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर सरोना स्थित उड़ान मशीनरी (नुमान्ता केयर प्रा. लि.) के संचालक शैलेन्द्र कुमार रजक ने पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम सर्रा निवासी पीडि़त चंद्रहास वर्मा से 2.95 लाख रुपए की ठगी किया। रजक ने मशीन के साथ कच्चा माल देने का वादा किया गया था, लेकिन न मशीन दी गई और न ही कच्चा माल मुहैया कराया गया। धोखाधड़ी का पता चलने पर पीडि़त ने डीडी नगर थाने में संचालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
चंद्रहास वर्मा ने पुलिस को बताया कि जनवरी 2026 में उन्होंने सोशल मीडिया पर दोना-पत्तल बनाने की मशीन से रोजगार और अच्छी कमाई का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन देखने के बाद चंद्रहास ने कंपनी संचालक शैलेन्द्र रजक से संपर्क किया। आरोप है कि संचालक ने मशीन देने के साथ कच्चा माल मुहैया कराने, तैयार दोना-पत्तल तय कीमत पर वापस खरीदने और मशीन खराब होने पर एक साल तक मुफ्त टेक्नीशियन भेजने का भरोसा दिया। इन वादों पर भरोसा कर चंद्रहास ने 19 मार्च 2026 को मशीन और दो टन कच्चे माल के लिए 2.56 लाख रुपए की योजना ली। इसमें 60 प्रतिशत रकम ऋण के जरिए जमा की गई, जबकि बाकी राशि किस्तों में देने का समझौता हुआ। इसके अलावा दो टन कच्चे माल की सुरक्षा राशि के नाम पर 1.46 लाख रुपए भी जमा कराए गए। इस तरह आरोपी ने कुल 2.95 लाख रुपए ले लिए।
पीडि़त का आरोप है कि पैसे लेने के बाद कंपनी ने न तो वादा किया गया कच्चा माल दिया और न ही तैयार दोना-पत्तल खरीदने की प्रक्रिया शुरू की। मशीन चलने के करीब एक घंटे बाद ही खराब हो गई। इसके बाद कई बार शिकायत करने पर भी कंपनी ने न कोई टेक्नीशियन भेजा और न ही समस्या का समाधान किया। बार-बार संपर्क करने पर केवल आश्वासन दिया जाता रहा। बाद में कंपनी संचालक ने फोन उठाना भी बंद कर दिया, जिसके बाद पीडि़त ने डीडीनगर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीडि़त का आरोप है कि आरोपी ने पहले से योजना बनाकर रोजगार और अच्छी कमाई का लालच दिया और उससे ठगी की। उसने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *