The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

ChhattisgarhKnowledgeMISC

सीएम ने राजिम-रायपुर ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

Spread the love

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को राजिम-रायपुर मेमू ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया। इस नई रेल सेवा से अब राजिम, गरियाबंद, देवभोग सहित आस-पास के क्षेत्रों के लोगों को राजधानी रायपुर तक सस्ती, सुलभ और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने राजिम से रायपुर के लिए पहली मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही रायपुर-अभनपुर मेमू ट्रेन का विस्तार भी अब राजिम तक कर दिया गया है। यह ट्रेन अब 19 सितंबर 2025 से नियमित रूप से गाड़ी संख्या 68766/68767 के अंतर्गत प्रतिदिन दोनों दिशाओं में चलेगी।

रेलवे के अनुसार, इस ट्रेन में 6 सामान्य डिब्बे और 2 पावरकार समेत कुल 8 कोच होंगे। सेवा से खासतौर पर विद्यार्थी, नौकरीपेशा, व्यापारी और श्रद्धालु यात्रियों को लाभ मिलेगा।

सीएम साय ने कहा कि आठ साल बाद इस क्षेत्र को ब्रॉडगेज ट्रेन सेवा मिली है, जबकि पहले यहां नैरोगेज ट्रेन चलती थी। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में प्रदेश में ₹45,000 करोड़ की रेलवे परियोजनाएं संचालित हो रही हैं और 2025-26 के बजट में ₹7,000 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

इस मौके पर वन मंत्री केदार कश्यप, लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, राजिम विधायक रोहित साहू समेत कई जनप्रतिनिधि एवं रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि राजिम, जिसे छत्तीसगढ़ का प्रयाग कहा जाता है, अब सीधे रेल नेटवर्क से जुड़ने से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि अब श्रद्धालु राजिम से डोंगरगढ़ तक भी सीधी यात्रा कर सकेंगे।

Popatlal News

Sanjay Choubey Chief Editor