The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

ChhattisgarhCrimePoliticsState

राज्य सरकार की गंभीर लापरवाही से उद्योगों में हादसे आम घटना हुई, आप की जांच समिति गठित: उत्तम जायसवाल

Spread the love

रायपुर। आम आदमी पार्टी ने सक्ती के सिंघीतराई स्थित वेदान्ता पावर प्लांट में हुई भयानक दुर्घटना की कठोर निंदा की है। 14 अप्रैल की दोपहर बायलर फटने से 20 से ज्यादा मजदूरों की जान चली गई और अनेक घायल हो गए है। यह हादसा, एक उच्च-दबाव वाली स्टीम ट्यूब के फटने से हुआ, जो संभावित रूप से सुरक्षा मानकों की अनदेखी और मेंटेनेंस की कमी के कारण था। यह आरोप आम आदमी पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने लगाया है।
जायसवाल ने कहा कि हम वेदांता समूह की सुरक्षा प्रोटोकॉल की कड़ी आलोचना करते हैं, जिनका दावा था कि वे उच्च मानकों का पालन करते हैं। लेकिन यह हादसा साफ तौर पर दर्शाता है कि सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है। हम मांग करते हैं कि राज्य सरकार एक स्वतंत्र और गहन जांच करे, जिसमें यह देखा जाए कि आखिरी बार सुरक्षा अधिकारियों ने बॉयलर का निरीक्षण कब किया था, और क्या सभी मानक सही तरीके से फॉलो किए गए थे।
वेदांता हादसे की जाँच के लिए आम आदमी पार्टी ने सात सदस्यीय जाँच समिति गठित की है। इस जाँच समिति में आम आदमी पार्टी की प्रियंका शुक्ला, ईश्वर साहू, टिकेश्वर चंद्रा, भानु चंद्रा, मिथलेश बघेल, विनय गुप्ता और प्रतिमा सिन्हा आदि शामिल हैं। जो जल्द ही घटना की जाँच कर पार्टी को रिपोर्ट सौंपेगी।
जायसवाल ने वेदांता समूह और राज्य सरकार के खिलाफ उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। वेदांता समूह के जिम्मेदार लोगो और सरकार में पदस्थ औद्योगिक सुरक्षा अधिकारियों पर हत्या का केस दर्ज हो। पूर्व में भी आरकेएम पवार प्लांट में इस तरह की घटना हुई थी। इसमें बहुत से मजदूर असमय काल के गाल में समा गए थे। लेकिन उसकी जाँच के बाद भी किसी निष्कर्ष पर यह सरकार नहीं पहुँच पाई है। दुर्घटना पर बड़ी बड़ी बाते होती है पर कुछ समय के बाद इसे सब भूल जाते हैं। इस दुर्घटना पर भी जांच बैठेगी। लेकिन निकट भविष्य में ऐसी कोई घटना न हो इसको लेकर कोई सुरक्षा नियामक मजदूरों के हितों को ध्यान में रखकर बनाना होगा। यह सरकार की गंभीर लापरवाही का नतीजा है। सरकार यह जानकारी दे कि उद्योग के उपकरण की सुरक्षा जांच व समीक्षा करने वाले अधिकारी औद्योगिक सुरक्षा अधिकारी ने अंतिम बार कब जांच निरीक्षण किया था। यह औद्योगिक सुरक्षा अधिकारियों के साथ सरकार की गंभीर लापरवाही का परिणाम है कि इस तरह घटना बार- बार हो रही है।
अभिषेक मिश्रा कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी मजदूरों के हितों अधिकारों के लिए भी आवाज हमेशा उठाती रही हैं, जो मजदूर इस हादसे में अपनी जान गंवा बैठे या घायल हुए हैं। उनका जीवन, उनका हक, और उनकी सुरक्षा सबसे पहले होनी चाहिए। हम सरकार से अनुरोध करते हैं कि वे उचित मुआवजे की व्यवस्था करें, और एक ऐसी संरचना बनाए जिससे भविष्य में ऐसी दुर्घटनाएं दोबारा न हों। हम यह भी मांग करते हैं कि वेदांता और सरकार दोनों “नो सेफ्टी, नो प्रोडक्शन” के सिद्धांत को सख्ती से अपनाएं, और यह सुनिश्चित करें कि हर स्तर पर सुरक्षा का पालन हो।
हम इस घटना के लिए जिम्मेदार सभी पक्षों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं, ताकि मजदूरों के साथ न्याय हो और भविष्य में इस तरह की दुर्घटना की पुनरावृत्ति न हो दोषी अधिकारियों को सख्त से सख्त सजा मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *