गरियाबंद में खाद की कमी पर किसानों ने किया हंगामा
गरियाबंद जिले के कृषक सेवा सहकारी समिति बेलटुकरी में खरीफ फसल की तैयारी के बीच खाद की कमी को लेकर किसानों में भारी आक्रोश देखने को मिला। जानकारी के अनुसार करीब पांच गांवों के किसान भीषण गर्मी में घंटों इंतजार करने के बाद खाद लेने पहुंचे थे, लेकिन पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं होने और वितरण में कटौती किए जाने से वे नाराज हो गए और मौके पर जमकर हंगामा किया। किसानों का कहना है कि खरीफ सीजन शुरू होने से पहले खाद की कमी के कारण उनकी खेती प्रभावित हो सकती है, जिससे उत्पादन पर भी असर पड़ेगा। लगातार हो रही इस समस्या को लेकर किसानों ने शासन की गाइडलाइन पर सवाल उठाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है और जल्द पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।

