अवैध शराब बिक्री, आरोपी की जेल में संदिग्घ मौत, परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
रायगढ़। तमनार थाने के ग्राम कठरापाली निवासी युवक को 4 दिन पहले अवैध शराब की बिक्री के आरोप में जेल भेजा गया था। जेल में उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने जेल प्रशासन व तमनार पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
तमनार पुलिस ने ग्राम कठलीपाली में कुछ दिनों पहले अवैध शराब की बिक्री करने के आरोप में सुरेश रात्रे पिता रूपाऊ रात्रे 38 को गिरफ्तार किया था। मृतक के छोटे भाई नरेश रात्रे व परिजनों का कहना है कि सुरेश के पास 1 लीटर शराब थी लेकिन पुलिस ने 10 लीटर पकड़ने का दावा करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया। जब वे सुरेश से मिलने जेल पहुंचे तो उन्हें मिलने नहीं दिया गया। उन्होंने कई बार मिलने का प्रयास किया। आखिर में उसके मौत की खबर दी गई। उन्हें बताया गया कि जिला अस्पताल में इलाज के दौरान सुरेश की मृत्यु हो गई। उसके मौत की जानकारी उन्हें देर से दी गई। मृतक के भाई नरेश रात्रे ने जेल में प्रतड़ना का आरोप लगाया है। इसी के कारण उसकी मौत हुई है। जेल अधीक्षक गोवर्धन सिंह शोरी ने बताया कि सुरेश को 30 अप्रैल को जेल दाखिल कराया गया। इसके बाद से ही उसकी तबीयत खराब होने लगी। उसे जेल के डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी। . जेल अधीक्षक शोरी ने सुरेश के साथ जेल के भीतर मारपीट की घटना से इनकार किया है। परिजनों का कहना है की जब उसे जेल ला जाया गया तब वह स्वास्थ्य था।
