खंडवा में जननी एक्सप्रेस में लगी भीषण आग, खाक हुई एम्बुलेंस
खंडवा जिले के खालवा ब्लॉक अंतर्गत सेंधवाल लोकेशन पर संचालित एक जननी एक्सप्रेस वाहन में मंगलवार तड़के अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी एम्बुलेंस जलकर खाक हो गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वाहन में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार जननी एक्सप्रेस का चालक रातभर ड्यूटी करने के बाद सुबह करीब 4:30 बजे अपने गृह ग्राम मल्हारगढ़ पहुंचा था। उसने वाहन को ग्राम पंचायत की बाउंड्रीवाल के पास खड़ा किया और भोजन करने घर चला गया। इसी दौरान वाहन में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

