नेमावर, नर्मदा नदी में नहाने गए युवक की डूबने से मौत, लगातार घटनाओं से चिंता
मध्य प्रदेश। देवास जिले के नेमावर में शुक्रवार सुबह नर्मदा नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। तुरंत स्थानीय गोताखोरों और केवट समाज के लोगों को सूचना दी गई, जिन्होंने काफी प्रयास के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इससे एक दिन पहले भी राजोर गांव के तीन युवकों की नर्मदा नदी में डूबने से मौत हो चुकी थी, जबकि गुरुवार को भी चार युवक नहाने के दौरान हादसे का शिकार हुए थे, जिनमें तीन की मौत हो गई और एक को सुरक्षित बचा लिया गया था। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद क्षेत्र में नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग बिना सुरक्षा के नदी में नहाने जा रहे हैं, जिससे हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है।

