रौताही मेले में 2 पक्षों में चाकूबाजी एक की मौत और 3 लोग गंभीर रूप से घायल,मामले की जांच में जुटी पुलिस
जांजगीर । जांजगीर जिले के मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र में रौताही मेले में अचानक 2 पक्षों में जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि चाकूबाजी तक पहुंच गया। चाकूबाजी में एक की मौत और 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मेले में ये विवाद नाच-गाने के दौरान शुरू हुआ था। कोसला गांव रौताही मेले का आयोजन 22 दिसंबर को किया गया। इस मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। दिनभर के मेले के बाद मेले में ही नाच-गाने का आयोजन किया गया था।देर रात को नाच-गाना चल रहा था। सब मस्ती में झूम रहे थे। इसी दौरान 2 पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा की एक पक्ष के लगभग 3 से 4 लोगों ने मिलकर 4 लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चारों को अस्पताल ले जाया गया। जहां से उनकी हालत को देखते हुए उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया गया। बताया गया कि इस घटना में महेश्वर कश्यप 21 वर्ष, कलीराम यादव 24 वर्ष, राजेश्वर कंवर 26 वर्ष और दिल सिंह 25वर्ष घायल हुए थे। मगर बिलासपुर ले जाने से पहले ही महेश्वर कश्यप की मौत हो गई। महेश्वर के सिर से काफी खून बह गया था। बाकी तीनों का इलाज भी बिलासपुर के अस्पताल में किया जा रहा है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।