राजनांदगांव के सांसद संतोष पाण्डेय के भाई ने भाजपा छोड़ी, कांग्रेस में हुए शामिल, नोटिस जारी करना जिला भाजपा को पड़ गया भारी

Spread the love

”दीपक ठाकुर की रिपोर्ट”
कवर्धा । प्रदेश की राजनीति में आज उस समय भूचाल आ गया जब राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र भाजपा सांसद संतोष पाण्डेय के चचेरे भाई विजय पाण्डेय ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस में प्रवेश कर लिया। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री व कवर्धा के विधायक मोहम्मद अकबर के शासकीय निवास कार्यालय पहुंचकर उन्होंने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ले ली। मंत्री मोहम्मद अकबर ने उनका तिरंगा गमछा पहनाकर स्वागत किया। लगभग पिछले तीन दशक से भाजपा में रहने वाले विजय पाण्डेय ने यह कदम कबीरधाम जिला भाजपा द्वारा उन्हें दिये गये नोटिस से क्षुब्ध होकर उठाया है। विजय पाण्डेय कबीरधाम जिला भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पद पर आसिन थे। इसके आलावा वे हिन्दुस्तान पेट्रोलियम डीलर्स ऐसोशिएशन के प्रदेश अध्यक्ष भी है। ऐसोशिएशन के कार्यालय के लिए भूखंड आबंटन हेतु चर्चा के लिए उन्होंने मंत्री मोहम्मद अकबर को 13 सितम्बर को बोड़ला स्थित अपने पेट्रोल पंप के परिसर में आमंत्रित किया था। मोहम्मद अकबर जब पहुंचे तो पेट्रोल पंप के कार्यालय में विजय पाण्डेय ने अतिथि परंपरा का निर्वहन करते हुए चाय पान कराते हुए उनका स्वागत किया। यह बात कबीरधाम जिला भाजपा को नागवार गुजरी तथा 17 सितम्बर को विजय पाण्डेय को नोटिस जारी कर 03 दिनों के भीतर जिला भाजपा अध्यक्ष के समक्ष जवाब प्रस्तुत करने का आदेश देते हुए उनसे पूछा गया कि क्यों ना उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया जाए। पार्टी की नोटिस जिला महामंत्री के हस्ताक्षर से जारी की गई थी, लेकिन महामंत्री का नाम नहीं दर्शाया गया था। नोटिस में कहा गया था कि मंत्री का स्वागत भाजपा के जिले के पद में रहते हुए किया गया जो कि अनुशंासनहीनता की श्रेणी में आता है। विजय पाण्डेय को नोटिस जारी करना उनके भाजपा छोड़ने व कांग्रेस प्रवेश की पटकथा तैयार कर गया। उन्होंने इसे अपना अपमान मानते हुए 1994 से भाजपा से जुड़ाव को समाप्त करने का निर्णय ले लिया। उन्होंने कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर को कांग्रेस प्रवेश करने की अपनी इच्छा से अवगत कराया। उनके कांग्रेस की सदस्यता लेने के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय उर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के सदस्य कन्हैया अग्रवाल व कबीरधाम जिला के सक्रिय कांग्रेस पदाधिकारी गोरेलाल चंद्रवंशी भी उपस्थित थे। कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर के समक्ष कांग्रेस पार्टी की सदस्यता लेने के बाद उन्होंने संवाददाताओं के समक्ष कहा कि वे छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों व समाज के सभी वर्गों के हित हेतु किये जा रहे कार्यों से प्रभावित है। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की कांग्रेस की नीति उन्हें अच्छी लगती है। इसे देखते हुए वे कांग्रेस पार्टी में प्रवेश कर रहें हैं। कांग्रेस पार्टी के सिपाही के रूप में छत्तीसगढ़ के सर्वागीण विकास के लिये कार्य करने का प्रयास करेंगे। कवर्धा विधानसभा के विधायक व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर की प्रशंसा करते हुए विजय पाण्डेय ने कहा कि कवर्धा व कबीरधाम जिले में विकास के कार्य लगातार किये जा रहे हैं। वहां के सभी लोगों से मोहम्मद अकबर का सीधा संपर्क है। मोहम्मद अकबर अपनी सादगी और सरलता के कारण लोगों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। कांग्रेस प्रवेश करने के पश्चात विजय पाण्डेय ने मंत्री मोहम्मद अकबर का आभार जताया कि उन्होंने कांग्रेस प्रवेश कराने में अपना सहयोग दिया।
इस अवसर पर संवादाताओं के सवालो का जवाब देते हुए मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि विजय पाण्डेय कांग्रेस पार्टी में पूरा सम्मान किया जाएगा। कांग्रेस में पुराने व नए कार्यकर्ता का कोई भेदभाव नहीं रहता। एक जवाब में उन्होंने ने कहा कि कांग्रेस में आने वाले सभी लोगों का स्वागत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.