अब पेट्रोल पर हाथ साफ़ करने लगे चोर
जगदलपुर। अब चोर पेट्रोल पर हाथ साफ करने में लगे हैं। बस्तर में अज्ञात चोर ने नकदी या कीमती सामान की बजाय 25 लीटर पेट्रोल से भरा जर्किन, सिगरेट और ड्राई फ्रूट पर हाथ साफ कर दिया। घटना पुलिस थाने से 50 मीटर की दूरी पर हुई। इससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, घटना भानपुरी में सोमवार और मंगलवार के दरमियानी रात 1:52 बजे की है। आरोपी तीन ठेला नुमा दुकानों के पास पहुंचा। उसने दुकानों के ताले तोड़े और 20 मिनट तक वहां मौजूद सामान खंगालता रहा। इसके बाद रात 2:12 बजे आरोपी अपने सिर पर 25 लीटर पेट्रोल से भरा जर्किन, सिगरेट और ड्राई फ्रूट्स लेकर मौके से फरार हो गया। यह वारदात कैमरे में कैद हो गई। चोरी सिर्फ एक दुकान में हुई है, जबकि बाकी दुकानों के केवल ताले तोड़े गए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस जुटी हुई है।

