सड़क हादसे में प्रधान आरक्षक समेत दो की मौत, कई घायल
छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार वाहनों का कहर देखने को मिला, जहां अलग-अलग सड़क हादसों में प्रधान आरक्षक और तीन साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि बस्तर में स्कॉर्पियो पलटने से 6 लोग घायल हो गए। धमतरी के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सिहावा चौक के पास रात्रि गश्त के दौरान प्रधान आरक्षक विजय बैरागी और नगर सैनिक दिलीप पांडे को तेज रफ्तार पिकअप ने अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें विजय बैरागी की मौके पर ही मौत हो गई और दिलीप पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। बताया गया कि विजय बैरागी जल्द ही एएसआई पद पर प्रमोट होने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया, जिससे पुलिस विभाग में शोक की लहर है। हादसे की सूचना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

