बिहार में दक्षिण पश्चिम मानसून ने दी दस्तक,वहीं दक्षिणी बिहार में भीषण गर्मी से लोगों का है बुरा हाल
बिहार। दक्षिण पश्चिम मानसून ने बिहार में दस्तक दे दी है। 13 जून की शाम बिहार के उत्तर पूर्व के चार जिलों किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और सुपौल से मानसून की शुरुआत हो चुकी है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार 15 से 17 जून तक पूरे बिहार में मानसून दस्तक दे देगी। मासिक मानसून पूर्वानुमान के अनुसार जून में बिहार के तलहटी वाले जिलों में सामान्य या सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है।
मंगलवार को बिहार के 11 जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। जिसमें पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और मधेपुरा शामिल हैं। सोमवार को बिहार के नौ जिलों में वर्षा हुई है। अररिया के फारबिसगंज में 54.5 और किशनगंज में 52.8 मिलीमीटर की वर्षा हुई है। पूर्णिया और सुपौल में मध्यम वर्षा हुई है। दक्षिणी बिहार के गया, नवादा, नालंदा, जहानाबाद और अरवल में दिन में तपिश वाली गर्मी रही लेकिन शाम तक इन सभी जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हुई और घने काले बादल छाए रहे। वहीं बिहार के दक्षिणी इलाकों के 14 जिलों में आज भी तपिश वाली गर्मी रहेगी तो वहीं पांच जिलों में लू चलने की भी संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार कैमूर, रोहतास, बक्सर, औरंगाबाद और गया में लू चलने की संभावना है। इन जिलों में 40 से 46 डिग्री तक तापमान रहने की संभावना है।

