राम मिलेंगे आश्रम तेंदुवाधाम में जगदगुरू रामभद्राचार्य करेंगे 27 अप्रैल से रामकथा
जांजगीर- चाम्पा। जांजगीर चांपा। शिवरीनारायण के पास स्थित राम मिलेंगे आश्रम तेंदुवाधाम में स्थित राम जानकी ईमंडपम हाल में जगदगुरू रामभद्राचार्य जी की श्रीराम कथा 27 अप्रैल से पांच मई तक आयोजित हो रही है। कथा का आयोजन राघव सेवा समिति द्वारा किया जा रहा है। आयोजन की तैयारी में समिति के सभी सदस्य जुटे हुए हैं। समिति के संस्थापक और कथा वाचक डॉ अशोक हरिवंश ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि जगदगुरू रामभद्राचार्य जी के द्वारा तीन वर्ष पूर्व ग्राम तेंदुआ में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का शिलालेख रखे थे। आज तीन वर्ष बाद एक बार फिर राम मिलेंगे आश्रम तेंदुआधाम में जगदगुरू रामभद्राचार्य जी का आगमन हो रहा है। जहां श्रीराम कथा के तहत शबरी की निष्ठा विषय पर नौ दिन तक कथा सुनाएंगे। कथा प्रतिदिन शाम चार बजे से सात बजे तक सुनाई जाएगी। आयोजन की तैयारी में समिति के सभी सदस्य और धर्मप्रेमी जुटे हुए है। कथा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए भंडारा और प्रसाद की व्यवस्था की जाएगी। कथा में संत और राजनीतिक व्यक्ति भी शामिल होंगे। जिसमें अयोध्या से शंकराचार्य वासुदेवानंद जी महाराज और किन्नर अखाड़ा की मां किन्नर शामिल होंगी। कथा में दिव्यांगों के बैठने की विशेष व्यवस्था की जाएगी।

कथा में रक्तदान और देहदान जैसे जनसेवा कार्य भी होंगे। आयोजन को केवल धार्मिक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए आश्रम परिवार द्वारा जनसेवा के कार्यों को भी प्रमुखता दी जा रही है। 3 मई को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें रायपुर स्थित मेकाहारा से विशेषज्ञ मेडिकल टीम पहुंचेगी। इसके साथ ही देहदान प्रकल्प का कार्यक्रम भी रखा गया है। इस प्रकार यह आयोजन श्रद्धा, सेवा और समाजहित के समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करेगा।

