घर में एसी ब्लास्ट बना काल, आग की चपेट में आए पिता-पुत्र; एक की मौत
रायगढ़ के आईटीआई कॉलोनी क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब घर में लगे विंडो एसी में कथित ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में सो रहे पिता-पुत्र इसकी चपेट में आ गए। हादसे में पुरुषोत्तम पटेल की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा राजवीर पटेल गंभीर रूप से झुलस गया, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है। घटना रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने घर से धुआं और आग की लपटें निकलते देख दरवाजे का ताला तोड़कर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। आग में घर का पूरा सामान, मोटरसाइकिल और स्कूटी भी जलकर खाक हो गए। घटना के बाद एंबुलेंस और पुलिस के देर से पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह एसी ब्लास्ट को माना जा रहा है।

