The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Uncategorized

अमरजीत भगत ने भाजपा को झूठ की पाठशाला कहा, सरकार पर किया तीखा हमला

Spread the love

रायपुर। विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर राजनीतिक घमासान के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों देश को सुनियोजित तरीके से लूट रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद, किसानों को खाद की उपलब्धता, विकास गर्ग की गिरफ्तारी और भगवान श्रीराम की प्रतिमा स्थापना जैसे मुद्दों पर भी उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी।
अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान अमरजीत भगत ने कहा कि भाजपा झूठ की पाठशाला बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा और RSS देश को सुनियोजित तरीके से लूटने का काम कर रहे हैं और राम भक्तों की भावनाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देश जानना चाहता है कि राम मंदिर निर्माण के लिए मिले चंदे का पैसा कहां गया। उन्होंने दावा किया कि चंपत राय द्वारा 16 करोड़ रुपये का चंदा दिया गया था और उसके उपयोग का हिसाब जनता के सामने आना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ बोलने की डिग्री देने वाली यूनिवर्सिटी बन गई है।
राज्य में खाद की कमी को लेकर भी पूर्व मंत्री ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार थकी हुई नजर आ रही है और उसमें काम करने की इच्छाशक्ति नहीं बची है। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं करा पा रही है। इस सम्बन्ध में सरकार के पास कोई ठोस कार्ययोजना नहीं है। सरकार ने बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन जमीन पर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा। रोजगार गारंटी योजना के तहत भी अपेक्षित कार्य नजर नहीं आ रहे हैं।

महादेव ऑनलाइन बुक और स्काईएक्सचेंज जैसे अवैध सट्टेबाजी ऐप्स से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा EbixCash के चेयरमैन विकास गर्ग की गिरफ्तारी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश में भ्रष्टाचार हो रहा है और छत्तीसगढ़ जैसे छोटे राज्य में राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाया जा रहा है । केवल जब्ती और गिरफ्तारी दिखाने से काम नहीं चलेगा उसकी पूरी जांच कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाना चाहिए, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके।
चंद्रखुरी में भगवान श्रीराम की प्रतिमा स्थापना को, लेकर बह सरकार को घेरा । सरकार राम जी की प्रतिमा तक नहीं लगवा पा रही और राम के नाम पर लोगों को गुमराह करने में जुटी है। “मुंह में राम, बगल में छुरी” को चरितार्थ कर रही है। राम सबके हैं, इसलिए उनके नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। भगत ने कहा कि जो भी राम जी के नाम पर आए धन का दुरुपयोग करेगा, उससे एक-एक पैसे का हिसाब लिया जाएगा। उन्होंने ऐसे लोगों को ‘कालनेमि’ बताया । राम का नाम लेकर लाभ उठाने वालों से सावधान रहने की जरूरत है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकाल पूरा होने पर कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान ही करेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई बुलावा नहीं आया है।
सरगुजा और बस्तर दोनों आदिवासी संभाग हैं और संगठन में क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखना जरूरी है। उनका मानना है कि इसी संतुलन से कांग्रेस की सत्ता में वापसी का रास्ता मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि टी.एस. सिंहदेव , चरणदास महंत और भूपेश बघेल पार्टी के बड़े चेहरे हैं और हाईकमान जिसे उचित समझेगा, उसी की नियुक्ति करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *