प्रशिक्षण शिविर में बैज का बड़ा बयान, धर्मांतरण मुद्दे पर सरकार से मांगा जवाब
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर के पांचवें दिन प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने संगठनात्मक गतिविधियों, राज्य की राजनीति और धर्मांतरण जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के.सी. वेणुगोपाल, सचिन पायलट और अल्का लांबा शिविर में शामिल होकर जिला अध्यक्षों को संगठन मजबूती, जनसंपर्क और राजनीतिक रणनीति से जुड़ा प्रशिक्षण देंगे। भाजपा द्वारा कांग्रेस नेताओं की एकजुटता पर की जा रही टिप्पणियों का जवाब देते हुए बैज ने कहा कि कांग्रेस की मजबूती और एकजुटता से भाजपा परेशान है। उन्होंने भाजपा के अंदर नेतृत्व को लेकर खींचतान और असंतोष का आरोप भी लगाया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिल्ली दौरे पर सवाल उठाते हुए बैज ने दावा किया कि सरकार के कामकाज और कुछ मंत्रियों के प्रदर्शन को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। वहीं धर्मांतरण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यदि राज्य में धर्म स्वतंत्रता कानून लागू है तो सरकार को बताना चाहिए कि धर्मांतरण की शिकायतें क्यों सामने आ रही हैं और इन्हें रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।

