मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिले के एक अरब 44 करोड़ 23 लाख रूपए के 10 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लगभग 37 लाख की लागत से बने बालक कल्याण समिति तथा किशोर न्याय बोर्ड भवन का वर्चुअल लोकार्पण किया

Spread the love

धमतरी। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज धमतरी ज़िले के 11 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इसमें लोक निर्माण विभाग के 10 कार्यों का भूमिपूजन, लागत एक अरब 44 करोड़ 23 लाख 60 हजार रुपए और 36 लाख 95 हजार रूपए की लागत से ग्रामीण यांत्रिकी सेवा द्वारा तैयार की गई बालक कल्याण समिति और किशोर न्याय बोर्ड भवन का लोकार्पण सम्मिलित है। मुख्यमंत्री बघेल ने अपने निवास कार्यालय में आयोजित एक वर्चुअल कार्यक्रम के अवसर पर जिलेवासियों को उक्त विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने इस मौके पर अपने संक्षिप्त उद्बोधन में बताया कि प्रदेश भर में आज 2800 करोड़ के 332 कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। उन्होंने कहा कि कोरोना और लॉकडाउन की चुनौतियों के साथ ही प्रदेश में विकास कार्यों को तेजी से करने प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध रही। इसी के परिणामस्वरूप कोरोना की दूसरी लहर का प्रभाव कम होते ही प्रदेश में विकास कार्यों की रफ्तार में तेजी आई है और आज विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी इसी तारतम्य में किया गया है। इन सभी कार्यों से ना केवल जनसुविधाओं में सहूलियत होगी, बल्कि राज्य का सशक्त विकास सुनिश्चित होगा।
मुख्यमंत्री द्वारा जिले के जिन 10 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया, वह सभी लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जाएंगे। इनमें 76.80 किलोमीटर लंबी नौ सड़कें, कुल लागत एक अरब 39 करोड़ 57 लाख 76 हजार रूपए है। इसके साथ ही आमदी में शासकीय नवीन महाविद्यालय भवन निर्माण, चार करोड़ 65 लाख 84 हजार रूपए की लागत से किया जाएगा। जिन सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन आज के वर्चुअल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बघेल ने किया, उनमें नगरी के बिरगुड़ी से कसपुर मार्ग पर 12 किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य (पुल-पुलिया सहित), लागत 20.58 करोड़, दुधावा-नगरी-बासीन मार्ग पर  11.40 किलोमीटर लम्बे मार्ग का उन्नयन एवं नवीनीकरण कार्य, लागत 3.33 करोड़ रूपए, 12 किलोमीटर लंबे मेघा-सिंगपुर-दुगली मार्ग का उन्नयन तथा नवीनीकरण कार्य, लागत 25.73 करोड़ रूपए तथा 16 किलोमीटर लंबे मेघा-सिंगपुर-दुगली मार्ग का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य, लागत 44.88 करोड़ रूपए है। इसी तरह कुरूद के दो किलोमीटर लम्बे नवागांव से बानगर मार्ग का निर्माण दो करोड़ 16 लाख रूपए की लागत से किया जाएगा। इसके अलावा 10.60 किलोमीटर लंबे भाठागांव-भखारा मार्ग का चौड़ीकरण, 20.87 करोड़ रूपए की लागत से किया जाएगा तथा कुरूद-चर्रा-छाती-उड़ेना-झिरिया-कण्डेल-भोथली-बोड़रा- संबलपुर मार्ग, लंबाई पांच किलोमीटर का चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य 10.81 करोड़ रूपए की लागत से किया जाएगा। इसी तरह धमतरी के 1.8. किलोमीटर लंबे बागतराई पहुंचमार्ग का निर्माण 79 लाख 92 हजार रूपए की लागत तथा छः किलोमीटर लंबे अछोटा-मुड़पार-रूद्री (राम वनगमन पथ) मार्ग का निर्माण 10.38 करोड़ रूपए की लागत से किया जाएगा।
             इस मौके पर सिहावा विधायक एवं उपाध्यक्ष, मध्यक्षेत्र विकास प्राधिकरण डॉ.लक्ष्मी ध्रुव ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आहूत इस वर्चुअल कार्यक्रम के अवसर पर लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न निर्माण एजेंसियों से अपेक्षा की है कि वे कार्य की गुणवत्ता बनाए रखेंगे तथा प्रदेश और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। इस मौके पर दुग्ध महासंघ के अध्यक्ष विपिन साहू ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार प्रकट किया, जिनकी बदौलत आज जिले को 144 करोड़ रूपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है। उन्होंने भी अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने की हिदायत दी। इस मौके पर कलेक्टर पी.एस.एल्मा ने वर्चुअल कार्यक्रम के जरिए प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा जिले में किए गए भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के अवसर पर धमतरी नगरनिगम के महापौर विजय देवांगन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष नीशु चन्द्राकर, जिला पंचायत सदस्य कविता बाबर, गोविन्द साहू, आमदी पार्षद कविता साहू, पूर्व जनपद अध्यक्ष घमेश्वरी साहू, शरद लोहाना, मोहन लालवानी सहित अन्य गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रियंका महोबिया एवं अधिकारी मौजूद रहे।

“वैभव चौधरी की रिपोर्ट”

Leave a Reply

Your email address will not be published.