कांग्रेस सरकार ने महिलाओं का किया सम्मान- नीलम चन्द्राकर
कुरूद। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता नीलम चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस की भूपेश सरकार ने महिला समूहों का साढ़े 12 करोड़ का ऋण माफ करने का ऐतिहासिक फैसला लिया है, इससे समूह की महिलाएं फिर से आर्थिक गतिविधियां शुरू कर स्वालम्बी बनेगी। सरकार के फैसले से उन महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी जो काम कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करना चाहती है। सैकड़ो महिला समूह पूर्व में लिए गए ऋण को नहीं पटा पाने के कारण ब्लैक लिस्टेड हो गए थे, इन समूहों की महिलाओं के लिए फिर ऋण लेकर आर्थिक गतिविधियां संचालित कर स्वालम्बी बनने का रास्ता सरकार ने खोल दिया है। पहले किसानों का कर्जा माफ, फिर सिंचाई कर माफ, वनोपज संग्राहकों को राहत, भूमिहीन कृषि मजदूरों से न्याय के साथ ही अब महिला समूह का ऋण माफ कर भूपेश सरकार ने जता दिया कि उन्हें सभी वर्गों की चिंता है। इस सरकार की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। पूर्व की सरकार में देखा गया था कि महिलाओं को सिर्फ प्रताड़ित किया जाता था, एक पूर्व मंत्री की प्रताड़ना से तंग आकर महिला अधिकारी को अपनी नौकरी छोड़नी पड़ी थी। यह पूर्व की भाजपा सरकार के लिए शर्म की बात है। सरकार में रहते जिन्होंने महिलाओं को प्रताड़ित किया वे लोग अब प्रेसवार्ता कर महिला हितों की बात करते हैं जबकि उन्हें अपने कर्म देखना चाहिए तथा थोड़ी भी शर्म बाकी हो तो अब अपनी गलती का प्रायश्चित करते हुए महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए। प्रदेश की भूपेश सरकार के द्वारा लगातार लिए जा रहे फैसलों ने बता दिया कि प्रदेश में सभी वर्ग को सम्मान देकर किस तरह विकास किया जाता है। भाजपा से जुड़े लोगों को हर जगह राजनीतिक रोटी सेकने की आदत से बाज आकर प्रदेश सरकार के जनहितकारी फैसलों का खुले दिल से स्वागत करना चाहिए।
“वैभव चौधरी की रिपोर्ट”