शिक्षकों की मनमानी पर लगाम स्कूल छोड़ने से पहले करना होगा लॉगआउट
मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की ई-अटेंडेंस व्यवस्था को और सख्त करते हुए ‘हमारे शिक्षक’ ऐप में बड़ा बदलाव किया है। अब शिक्षकों को स्कूल पहुंचने पर लॉगिन करने के साथ छुट्टी के समय स्कूल परिसर से ही लॉगआउट करना अनिवार्य होगा। ऐसा नहीं करने पर उनकी उपस्थिति अधूरी मानी जाएगी। विभाग ने यह फैसला उस समीक्षा के बाद लिया, जिसमें छुट्टी के तुरंत बाद करीब 50 प्रतिशत शिक्षकों की लोकेशन स्कूल से दूर पाई गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि कई शिक्षक ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में ई-अटेंडेंस दर्ज कराने के बाद वापस लौट जाते थे। नई व्यवस्था से इस पर रोक लगाने की कोशिश की गई है। प्रदेश में फिलहाल 90 प्रतिशत नियमित शिक्षक, 93 प्रतिशत अतिथि शिक्षक और सभी प्राचार्य ‘हमारे शिक्षक’ ऐप के जरिए उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। ई-अटेंडेंस के मामले में बैतूल, सतना, अनूपपुर, मंडला, बालाघाट और नीमच जैसे जिले बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि भोपाल और इंदौर जैसे बड़े जिलों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम दर्ज की गई है।

