किसानों ने बड़ी संख्या में डेवलपमेंट अथॉरिटी का दफ्तर घेरने पहुंचे,जाने पूरी खबर
रायपुर । नवा रायपुर इलाके में किसानों का आंदोलन शुरू हो गया है। सैकड़ों महिलाएं और पुरुष सोमवार को न्यू रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी का दफ्तर घेरने पहुंच गए। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सड़क को जाम कर दिया। सड़क पर बैठकर ही धरना देना शुरू कर दिया। लोगों की भीड़ जुटने की खबर पाते ही आसपास के थानों से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। लोगों को हटाने की कोशिश की गई, मगर संख्या में ज्यादा महिलाओं ने सड़क से उठने की बात पर इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं हो जाती धरना जारी रहेगा। आसपास के किसान नेता भी इस आंदोलन में शामिल होने पहुंचे हैं और लोगों को संबोधित करते हुए अपने हक को छीन कर लेने का दम भर रहे हैं।
इस वजह से आंदोलन
नवा रायपुर प्रभावित किसान कल्याण संघ के नेता साकेत चंद्राकर ने बताया कि 27 गांव की जमीन लेकर नवा रायपुर इलाका डेवलप किया गया। अपनी जमीन देने वाले किसानों को आज तक अपने हक के लिए भटकना पड़ रहा है। हम सभी चाहते हैं कि किसानों को चार गुना मुआवजा दिया जाए, हर परिवार को 1200 स्क्वायर फीट जमीन दी जाए, जिन किसान परिवारों ने अपनी जमीन एनआरडीए को दी उनके बेरोजगार युवकों को रोजगार दिया जाए।साकेत ने बताया कि साल 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले भी किसान इन मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। तब कांग्रेस पार्टी ने इन मांगों को पूरा करने का वादा किया था। मगर बीते 3 सालों से वादे पूरे नहीं हुए। हर साल प्रभावित किसानों को 15000 रुपए भी एनआरडीए की तरफ से दिए जाते थे, जो पिछले 3 सालों से नहीं मिले हैं। साकेत ने बताया कि इस वजह से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है और अब सभी ने आंदोलन का रुख अख्तियार किया है। जब तक मांगें पूरी नहीं कर दी जाती तब तक इसी तरह से आंदोलन चलता रहेगा।

