The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Uncategorized

स्कूल में लगे पेड़ों की अवैध कटाई पर प्रधान पाठक निलंबित

Spread the love

बालोद। गुरुर ब्लॉक के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़भूम परिसर में लगे 29 हरे-भरे पेड़ों को कटवा दिया गया। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने तत्काल जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश पर गुरूर बीईओ ने 2 जुलाई को विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। जाँच में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई की बात सही साबित हुई। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद बीईओ ने 3 जुलाई को गुरुर थाना प्रभारी को पत्र लिखकर दोषियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करने का आवेदन दिया है। इसके साथ ही मुख्य आरोपी प्रधान पाठक के निलंबन की अनुशंसा उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
जांच में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया इसके लिए 23 अप्रैल को शाला विकास समिति की एक बैठक हुई थी। इसमें नियमों को ताक पर रखकर पेड़ों को काटने का प्रस्ताव पारित कर दिया गया। शाला विकास समिति के अध्यक्ष जीवन लाल उईके और सदस्य निर्मला उईके भी इसमें शामिल थे। माध्यमिक स्तर के प्रधान पाठक और शाला विकास समिति के सचिव डोमर सिंह निषाद की मुख्य भूमिका थी। नियमानुसार पेड़ों की कटाई से पहले वन विभाग या राजस्व विभाग से किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी। जो कि कानून का उल्लंघन है।
गुरूर बीईओ ललित चंद्राकर ने कहा कि इस मामले में नियमों का घोर उल्लंघन और पदीय कर्तव्यों का दुरुपयोग पाया गया है। थाना प्रभारी को नामजद एफआईआर दर्ज करने के लिए पत्र दिया है। इसके साथ ही संबंधित प्रधान पाठक डोमर सिंह निषाद एवं अन्य संलिप्त कर्मचारियों के निलंबन के लिए औपचारिक अनुशंसा उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *