Sunday, November 8, 2026
Latest:

The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Chhattisgarh

संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव की हिम्मत बढाएंः बृजमोहन

Spread the love

रायपुर। भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि स्व. युद्धवीर सिंह जूदेव की धर्म पत्नी संयोगिता सिंह जूदेव (बहूरानी) देश के वीर हिंदू सम्राट दिलीप सिंह जूदेव की पुत्रवधु हैं, उनके साथ पूरी भाजपा खड़ी है। यह समय उनका हिम्मत बढ़ाने का है, हौसला आफजाई करने का है। अग्रवाल जांजगीर-चांपा जिले के चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के डभरा में आयोजित स्व. युद्धवीर सिंह जूदेव की जन्म जयंती समारोह में सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जूदेव परिवार का छत्तीसगढ़ के विकास में बहुत बड़ा योगदान है, उसे भुलाया नहीं जा सकता है। आज पूरे देश में भगवा झंड़े का मान सम्मान है। भगवा झंडे का मान सम्मान छत्तीसगढ़ में दिलीप सिंह जूदेव ने बढ़ाया है। छत्तीसगढ़ में यदि भाजपा इस स्थिति में पहुँची है तो इसमें दिलीप सिंह जूदेव की ताकत है। अग्रवाल ने कहा कि हमें उम्मीद थी कि दिलीप सिंह जूदेव की विरासत को युद्धवीर सिंह जूदेव स्थापित करेंगे,लेकिन वे असमय ही चले गए। युद्धवीर सिंह जूदेव को आप लोगों ने दो बार विधायक बनाया था। वे हमेशा चंद्रपुर विधानसभा के विकास के लिए प्रयासरत रहते थे। आज सभा में युद्धवीर सिंह की धर्मपत्नी संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव उपस्थित हैं। वे आपके क्षेत्र की बहूरानी भी हैं। अब वे दिलीप सिंह जूदेव की ख्याति और परंपरा को आगे बढ़ाएंगी। अग्रवाल ने मंच में उपस्थित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को याद करते हुए कहा कि बहूरानी आप अकेली नहीं हैं पूरी भाजपा आपके साथ है। क्षेत्र की जनता ने युद्धवीर सिंह जूदेव को जिताया था और आगे बढ़ाया था। आने वाले समय में बहूरानी की हिम्मत बढ़ाएं और साथ खड़े हों। जन्मजयंती समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, प्रदेश महामंत्री नारायण चंदेल, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, संगठन मंत्री पवन साय, विधायक एवं पूर्व मंत्री ननकी राम कंवर, विधायक सौरभ सिंह, निर्मल सिन्हा, रजनी सिंह, पूर्व सांसद कमला देवी पटले के साथ प्रदेश स्तरीय नेता, हजारों कार्यकर्ता व आमजन उपस्थित थे।

Popatlal News

Sanjay Choubey Chief Editor