The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Chhattisgarh

गली में मिला युवक का शव

Spread the love

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाने के नयापारा स्थित गणेश नगर में आज सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिला। गली के बीचों-बीच शव पड़े होने की सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना पर पहुंची सिरगिट्टी पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
गौरतलब है कि मृतक की पहचान गणेश नगर निवासी इरफान बघीरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आज सुबह जब मोहल्ले के लोग घरों से बाहर निकले तो उन्होंने गली में युवक का शव पड़ा देखा। शव के आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम के साथ पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान शव के पास से खून से सने सीमेंट के दो बड़े पोलनुमा पत्थर बरामद किए हैं। आशंका है कि आरोपियों ने इन्हीं भारी पत्थरों से वार कर युवक की हत्या की है।
पुलिस ने शराबखोरी के बाद हुए आपसी विवाद में हत्या किए जाने की आशंका जताई है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा।
सिरगिट्टी पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर मामले की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।

Popatlal News

Sanjay Choubey Chief Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *