The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

ChhattisgarhMISC

भोपालपटनम के चार गांवों में भूमि अधिग्रहण मामले की 3 से 6 जून तक होगी जनसुनवाई

Spread the love

बीजापुर। भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकार तथा पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013 के तहत कोमटपल्ली (कोक्कमपल्ली) व्यपवर्तन योजना के लिए भूमि अधिग्रहण संबंधी सामाजिक प्रभाव आकलन अध्ययन हेतु भोपालपटनम तहसील के चार गांवों में 3 जून से 6 जून 2026 तक जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
कलेक्टर एवं पदेन उप सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार योजना के अंतर्गत मुख्य नहर, माइनर तथा सब माइनर नहर निर्माण से प्रभावित किसानों की भूमि अर्जित की जानी है। परियोजना की कुल अनुमानित लागत 774.57 लाख रुपये निर्धारित की गई है तथा सामाजिक प्रभावों की प्रतिपूर्ति के लिए 5 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। योजना पूर्ण होने पर कोत्तापल्ली, उस्कालेड, कोंगुपल्ली और पामगल क्षेत्र की लगभग 300 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे किसानों को दीर्घकालिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
जनसुनवाई हेतु तय कार्यक्रम के अनुसार ग्राम पामगल में 3 जून 2026 को सुबह 11 बजे जनसुनवाई आयोजित होगी। यहां 4.319 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण का प्रस्ताव है, जिससे 41 परिवार प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित होंगे। ग्राम कोत्तापल्ली में 4 जून 2026 को सुबह 11 बजे जनसुनवाई होगी। यहां 2.317 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जानी है तथा 30 परिवार प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित होंगे। ग्राम उस्कालेड में 5 जून 2026 को सुबह 11 बजे जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। यहां 2.477 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण प्रस्तावित है और 39 परिवार प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित होंगे। ग्राम कोंगुपल्ली में 6 जून 2026 को सुबह 11 बजे जनसुनवाई होगी। यहां 0.169 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण का प्रस्ताव है, जिससे 3 परिवार प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित होंगे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भूमि अधिग्रहण से संबंधित किसी भी व्यक्ति, संस्था या हितधारक को यदि कोई सुझाव, जानकारी अथवा आपत्ति प्रस्तुत करनी है, तो वह निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर आयोजित जनसुनवाई में उपस्थित होकर अपना पक्ष रख सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *