The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Uncategorized

प्रेमी के साथ पति की हत्या, दोनों आरोपियों को उम्रकैद

Spread the love

रायगढ़। एक महिला ने अपने अवैध संबंध को छिपाने के लिए प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया। अदालत ने दोनों आरोपियों को आजीवन कारावास और जुर्माने से दंडित किया है। यह घटना 12 फरवरी 2020 को हुई थी।
मृतक विशेश्वर राठिया के भाई विन्देश्वर राठिया ने धरमजयगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि विशेश्वर अपनी पत्नी सहोद्रा राठिया और बच्चे के साथ पुराने मकान में सो रहा था। रात 2:30 बजे सहोद्रा ने नए मकान में आकर बताया कि विशेश्वर कहीं बाहर से गिरकर आया है और उसे चोट लगी है। विशेश्वर को धरमजयगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां सुबह 5 बजे उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की जानकारी मिलने पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत अपराध दर्ज किया गया। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी टीकाराम उर्फ बन सागर राठिया का सहोद्रा राठिया के साथ अवैध संबंध था। टीकाराम अक्सर उनके घर आता-जाता था। मृतक विशेश्वर राठिया को इस अवैध संबंध की जानकारी हो गई थी। इसको छुपाने के लिए आरोपियों ने घटना के दिन ईंट और सिल लोढ़ा से विशेश्वर राठिया के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। तात्कालिक निरीक्षक अमित शुक्ला ने विवेचना पूरी कर अपर सत्र न्यायाधीश अभिषेक शर्मा के न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया।
न्यायालय ने दोनों पक्षों को सुना । इसके बाद न्यायालय ने टीकाराम उर्फ बन सागर राठिया और सहोद्रा राठिया को विशेश्वर राठिया की हत्या का दोषी पाया । उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई और एक-एक हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया। न्यायालय ने मृतक के परिजनों को विधिक सेवा प्राधिकरण के तहत 1 लाख रुपये क्षतिपूर्ति राशि प्रदान करने की अनुशंसा भी की। इस मामले में राज्य की ओर से अपर लोक अभियोजक राजेश सिंह ठाकुर ने पैरवी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *