सौ सालों को ध्यान में रखते हुए नवीन मेला स्थल का हो अधोसंरचना विकास: ताम्रध्वज साहू

Spread the love

“संतोष सोनकर की रिपोर्ट”

राजिम। प्रदेश के लोक निर्माण, गृह, धर्मस्व मंत्री ताम्रध्वज साहू शनिवार को राजिम मेला के लिए चयनित नये स्थल का अवलोकन किया। उन्होंने स्थल पर चल रहे कार्यो का जायजा लेते हुए शीघ्रता से नवीन स्थल को राजिम मेला के लिए स्थायी रूप से विकसित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवश्यकता, स्थानीय नागरिकों के सुझाव और आगामी 100 सालों को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना विकास के कार्य किये जाए। स्थल का विकास इस तरह किया जाए कि श्रद्धालुओं को यह स्थान आकर्षित करे। इस स्थान को राम वनगमन परिपथ से भी जोड़ा जायेगा। श्री साहू ने मंदिर दर्शन आने-जाने के लिए फोर लेन सड़क के तर्ज पर सड़क विकसित करने कहा है। उन्होंने कहा कि पैदल यात्रियों के लिए आने-जाने के लिए अगल से चौड़ी सड़क हो। नदी में बारहमासी पानी की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जायेगी। भविष्य में नदी में लगने वाले टेंट और अन्य दुकानें को इसी स्थल पर स्थानांतरित किया जायेगा। मंत्री श्री साहू ने आगामी 7 जनवरी 2023 को राजिम भक्तिन माता जयन्ती कार्यक्रम नवीन मेला स्थल पर कराने हेतु आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान मंत्री ताम्रध्वज साहू ने राम वनपथ गमन पर निर्माणाधीन कार्यो का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि 7 जनवरी को राम वनगमन पथ पर महानदी तट पर स्थापित मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम चन्द्र के मूर्ति का अनावरण भी किया जाएगा। इस हेतु अधिकारियों को सभी तैयारी पूर्ण कर लेने के निर्देश दिए।कलेक्टर प्रभात मलिक ने नवीन मेला स्थल पर ड्राइंग डिजाइन एवं निर्माणाधीन अधोसंरचना व स्वीकृत बजट राशि के संबंध में विस्तार पूर्वक अवगत कराया। यहां पर धर्मशाला, गार्डन, तटबंध, शौचालय, मंदिर जैसे निर्माण किये जायेंगे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम कांबले, जिला पंचायत सीईओ रोक्तिमा यादव, अपर कलेक्टर अविनाश भोई, अनुविभागीय अधिकारी राजिम पूजा बंसल, जनपद पंचायत फिंगेश्वर की अध्यक्ष पुष्पा साहू, जिला पंचायत सदस्य रोहित साहू, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता विकास तिवारी, महिला कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पद्मा, राजिम भक्ति मंदिर समिति के अध्यक्ष लाला साहू एवं स्थानीय जन प्रतिनिधि, नागरिक मौजूद थे।मंत्री के आने की खबर मीडिया तक को नहीं उल्लेखनीय है कि मंत्री ताम्रध्वज साहू के आने की खबर मीडिया को नहीं दी गई थी। न ही जिम्मेदार अधिकारी अवगत कराया था। अलबत्ता सड़कों पर तैनात पुलिस बल को देखकर लोग एक दूसरे से पूछते रहे तब पता चला कि मंत्री ताम्रध्वज साहू नवीन मेला स्थल का अवलोकन करने के लिए आ रहे हैं। मीडिया की अनदेखी करने के कारण लोगों को सही जानकारियां नहीं मिल पाई। जिनकी चर्चा दिन भर होती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published.