करोड़ों की जमीन और बड़ा विवाद, पुलिसकर्मियों से मारपीट के बाद उठे कई सवाल
कनाड़िया थाना क्षेत्र में करीब 500 करोड़ रुपये कीमत की बताई जा रही जमीन को लेकर चल रहे विवाद में नया मोड़ सामने आया है। भूरी टेकरी स्थित डायमंड कॉलोनी में जमीन विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के साथ कथित धक्का-मुक्की और मारपीट की घटना हुई, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मीडिया में खबर आने के बाद पुलिस कमिश्नर ने कनाड़िया थाना प्रभारी को तलब कर मामले की जानकारी ली और प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए। हालांकि दर्ज एफआईआर में आरोपियों को नामजद करने के बजाय अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। करीब 17 एकड़ जमीन से जुड़े इस विवाद की कीमत लगभग 500 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस जवानों पर हुए कथित हमले, घायल कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्रवाई के तरीके को लेकर अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

