धान खरीदी मुद्दे पर भाजपा ने कांग्रेस को घेरा,28 सौ रुपए समर्थन मूल्य के साथ एक नवंबर से धान की खरीदी शुरू करें—धरमलाल कौशिक
बिलासपुर। राज्य सरकार ने 1 दिसंबर से धान की खरीदी करने की घोषणा की है। इस मुद्दे को लेकर भाजपा ने सरकार का विरोध शुरू कर दिया है। बिलासपुर में विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि गरीब किसानों के सिर पर दिवाली सहित अन्य त्योहारों भी है। उनकी धान की फसल तैयार अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए उन्हें बाजार में जाना पड़ेगा। ऐसे में भाजपा सरकार से मांग कर रही है कि सरकार 28 सौ रुपए समर्थन मूल्य के साथ एक नवंबर से धान की खरीदी शुरू करें दे। उन्होंने कहा कि किसानों की हित को लेकर भाजपा सड़क की लड़ाई लड़ने के लिए भी तैयार है। पत्रकारों से चर्चा करते हुए कौशिक ने कहा कि केंद्र सरकार ने करीब 3 सौ रुपए समर्थन मूल्य बढ़ाया है। ऐसे में प्रदेश की भूपेश सरकार को 2 हजार 8 सौ रुपए समर्थन मूल्य के साथ धान की खरीदी करनी चाहिए। राज्य सरकार ने पिछली बार की तरह इस बार भी धान खरीदी एक दिसंबर से करने की घोषणा की है। इस निर्णय से प्रदेश के गरीब किसानों को समर्थन मूल्य तय करने का फायदा नहीं होगा। न ही उन्हें धान खरीदी को लेकर दी जा रही सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। दिवाली पर्व के साथ ही कई त्योहार हैं। इसके लिए किसानों को रुपयों की आवश्यकता है। लिहाजा, उन्हें मजबूरी में बाजार में ही धान बेचना पड़ेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा के प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सवन्नी, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पांडेय, बेलतरा विधायक रजनीश सिंह, मस्तूरी विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत व गुलशन ऋषि मौजूद थे।