पुलिस कांस्टेबल ने किसान को शराब तस्करी के शक में बुरी तरह पीटा,जांच में जुटी टीम
जांजगीर। जांजगीर में अवैध शराब बेचने का आरोप लगाते हुए एक पुलिस कांस्टेबल ने किसान और उसके परिवार के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद थाने में रंजिश में मारपीट का आरोप लगाते हुए किसान के खिलाफ FIR भी दर्ज करा दी। किसान ने भी इस मामले में शिकायत दी है। उसका कहना है कि पुरानी रंजिश के कारण उसके परिवार को पीटा है। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम सोरमाल निवासी विक्रम पाटले खेती करता है। वह मंगलवार को कंजीनाला में नहाने के लिए गया था। उसी समय कांस्टेबल प्रमोद रात्रे, उसका भाई विनोद और भतीजा मनेंद्र भी पहुंच गए। आरोप है कि इसके बाद तीनों ने गालियां देनी शुरू कर दी। इसके बाद आरोपियों ने पेड़ की डाल तोड़कर विक्रम को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान विक्रम का बेटा गौरव बीच-बचाव करने आया तो उसे भी बुरी तरह से पीटा। इसके चलते गौरव के हाथ और विक्रम के पेट, सीने, पीठ, हाथ में चोटें आईं व खून बहने लगा। किसी तरह पिता-पुत्र दोनों वहां से जान बचाकर भागे। किसान का कहना है कि पूरी घटना गांव के लोगों ने भी देखी है। थाने में शिकायत के साथ ही किसान ने अस्पताल पहुंचकर अपना उपचार कराया।
पुलिस ने बताया कि कांस्टेबल प्रमोद रात्रे ने भी शिकायत दर्ज कराई है। प्रमोद सुकमा में पदस्थ है और दीपावली पर 5 दिन की छुट्टी लेकर घर आया है। उसने बताया कि वह कंजी नाला में नहाने के लिए गया था। इसी दौरान पुरानी रंजिश में गांव के विक्रम पाटले और बेटे गौरव ने उसके व परिजनों के साथ मारपीट की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।